Bihar Weather: बिहार में मॉनसून का असर कम पड़ते ही बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। झमाझम बारिश का दौर थमने से पटना समेत 28 जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इससे लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। गुरुवार को भी उमस के आसार हैं। बुधवार को पटना में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस वृद्धि हुई और पारा 35.4 डिग्री रहा। वहीं, 37.1 डिग्री के साथ भागलपुर में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अभी 3-4 दिन तक राज्य में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।
उत्तर बिहार के कुछएक जिलों को छोड़कर पूरे राज्य में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। हालांकि, उत्तर बिहार के कुछ जिलों में गुरुवार को वज्रपात की आशंका है। वहीं, अन्य जगहों पर मौसम साफ रहेगा। बिहार में 3 सितंबर तक भारी बारिश के आसार नहीं हैं। झमाझम बरसात का दौर थमने से राज्य में बारिश की कमी का ग्राफ फिर से बढ़ने लगा है। मॉनसून सीजन के दौरान सामान्य से 26 फीसदी वर्षा कम दर्ज की गई है। प्रदेश में वर्षा की स्थिति 569.4 मिमी है, जबकि 768.8 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी।
Petrol Diesel Prices: पेट्रोल डीजल की नई कीमतें हुई जारी, देखें क्या है आपके शहर का हाल
मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून की ट्रफ लाइन की पश्चिमी सीमा हिमालय की तलहटी में जबकि पूर्वी सीमा गोरखपुर, पटना, बांकुड़ा, दीघा होते हुए पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी तक प्रभावी है। राज्य में रविवार तक झमाझम बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। इसके बाद मौसम में बदलाव संभव है। कैमूर, मधुबनी, दरभंगा मधेपुरा आदि में बुधवार को हल्की बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को पटना एवं आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।