Bihar Weather: बिहार में मॉनसून की बेरुखी से हो रही बारिश की कमी और पटना समेत अन्य जिलों में पड़ रही उमस भरी गर्मी के बीच राहत भरी खबर आई है। राज्य में बारिश संबंधी गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने वाली है। शनिवार 29 जुलाई से मॉनसून फिर से एक्टिव होगा। इस दिन दक्षिण बिहार के चार जिलों रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर और भोजपुर में भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान पूरे राज्य में मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को भी राज्यभर में मौसम खराब रहने की आशंका है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 जुलाई तक बिहार में अल्पवृष्टि का सिलसिला जारी रहेगा। शनिवार से मौसम में परिवर्तन होगा और राज्य भर में मॉनसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। धान की रोपनी करने वाले किसानों को इससे राहत मिलने के आसार हैं। अब तक अल्पवृ्ष्टि के चलते धान की रोपनी पर खासा असर पड़ा है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई के लिए दूसरे संसाधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
पटना सहित पूरे राज्य में 29 जुलाई से बारिश की संभावना बन रही है। उत्तर एवं पश्चिम बिहार में ज्यादा तो दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में कम बारिश का पूर्वानुमान है। अभी अधिकतर जिलों में उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। मंगलवार को 21 जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। 39 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर सबसे गर्म रहा। राजधानी पटना में भी अधिकतम पारा 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, तीखी धूप की वजह से लोगों को गर्मी से हलकान होना पड़ा।
बताया जा रहा है कि बिहार में पुरवा हवा का जोर है, इससे मिलने वाली नमी में उतनी क्षमता नहीं जो वातावरण की ऊपरी सतह तक पहुंच सके। इसी वजह से फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर हैं। हालांकि, इस सप्ताह के अंत तक स्थिति में परिवर्तन के आसार नजर आ रहे हैं।